पर्यटन सूचना एवं सुविधा केंद्र ( TIFC)
Tourist Information and Facilitation Centre

किसी भी तीर्थ या पर्यटन स्थल की भौगोलिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं स्थानीय जानकारी तीर्थ यात्रियों एवं पर्यटकों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है पर्यटन सूचना एवं सुविधा केंद्र (टीआईएफसी)। इस केंद्र के माध्यम से पर्यटकों को विभिन्न तीर्थो एवं पर्यटन स्थलों की सूची, रोड मैप, यातायात व्यवस्था, समय-सारिणी, मार्गदर्शक (गाइड) सुविधा, जल-पान, रेस्तरां तथा होटल आदि से संबंधित समुचित जानकारी उपलब्ध करवाई जाती है। इसके अतिरिक्त, पर्यटक यहां से क्षेत्रीय व्यंजन एवं हस्तशिल्प उत्पादों के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र एक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक नगर है, जो हर वर्ष देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थ यात्रियों एवं पर्यटकों को आकर्षित करता है। तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों से संबंधित उचित मार्गदर्शन, जानकारी और सुविधाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) द्वारा ब्रह्म सरोवर के निकट अर्जुन चौक पर पर्यटन सूचना एवं सुविधा केंद्र (टीआईएफसी) की स्थापना की गई है। यह केंद्र कुरुक्षेत्र को एक सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुविधाजनक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह कुरुक्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को सुदृढ़ करने का भी एक सशक्त प्रयास है।

टीआईएफसी पर पर्यटन स्थलों, अष्टकोसी परिक्रमा, 48-कोस कुरुक्षेत्र भूमि से जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थलों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाती है। केंद्र पर मानचित्र, सूचना पुस्तिकाएँ तथा मार्गदर्शक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती है ताकि पर्यटकों को भ्रमण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त, टीआईएफसी से पर्यटकों को गाइड सेवा, होटल एवं आवास, रेस्तरां एवं भोजनालय से संबंधित जानकारी, टैक्सी सुविधा तथा स्थानीय दर्शनीय स्थलों की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। पर्यटकों व तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए क्लाक रूम, विश्राम स्थल, फूड कोर्ट की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र, महाभारत एवं श्रीकृष्ण विषयक स्मृति चिह्न यहां स्थापित स्मृति उपहार काउंटर पर बिक्री हेतु उपलब्ध हैं।

पर्यटकों को कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व से भली-भाँति परिचित कराने के लिए यहाँ डॉक्यूमेंट्री फिल्मों एवं सूचनात्मक सामग्री की भी व्यवस्था की गई है, जिससे पर्यटकों को कुरुक्षेत्र की पावन भूमि की गौरवशाली विरासत को गहराई से समझ सकें। टीआईएफसी कुरुक्षेत्र पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शक केंद्र है, जो उनकी यात्रा को सुगम, जानकारीपूर्ण और स्मरणीय बनाने में सहायक सिद्ध होता है। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा गीतास्थली ज्योतिसर, रेलवे जंक्शन सहित अन्य स्थानों पर पर्यटन सूचना एवं सुविधा केंद्र जल्द शुरू किए जाने की योजना है। अधिक जानकारी के केंद्र के दूरभाष नंबर 7027870978 पर संपर्क किया जा सकता है।

Quick Navigation